यूपी के बिजनौर जनपद में हीरे जैसी आकृति की चमकीली वस्तु मिलने का मामला सामने आया है
यूपी के बिजनौर जनपद में हीरे जैसी आकृति की चमकीली वस्तु मिलने का मामला सामने आया है
। यह मामला गांव मुढ़ाला का है, जहां खोदाई के दौरान हीरे की आकृति जैसी एक वस्तु मिलने से सनसनी फैल गई। हीरे की हेराफेरी हुई और उसके गायब होने का रहस्य बन गया। एक व्यक्ति ने एसपी को दिए प्रार्थनापत्र में आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों ने उसका हीरा हड़प लिया है। बदले में उसे नकली हीरा दे दिया है। एसपी से शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव मुढ़ाला निवासी तसलीम ने सोमवार को एसपी को दिए प्रार्थनापत्र में आरोप लगाया कि 17 दिसंबर को गांव के उम्मेद के खेत में मिट्टी उठाई जा रही थी।फावड़े से मिट्टी उठाई तो हीरे की आकृति की एक वस्तु निकली। उसमें चमक थी। कुछ देर बाद गांव के कुछ लोग आए और उन्होंने उस हीरा को ले लिया। बदले में पैसे और पट्टा देने का लालच दिया। तसलीम का कहना है कि पीडि़त को न पैसे दिए और न ही पट्टा दिया। हीरा वापस मांगा तो उसे एक नकली हीरा लाकर दे दिया। उसने असली हीरा देने को कहा तो उन्होंने गाली-गलौज की। तस्लीम को जान से मारने की धमकी दी।
आरोप है कि आरोपित पक्ष काफी प्रभावशाली है। उन्होंने उसका हीरा हड़प लिया है। एसपी ने शहर कोतवाली पुलिस को जांच करने के निर्देश दिए। पुलिस ने गांव पहुंचकर जांच पड़ताल की। एसएसआइ सुनील कुमार का कहना है कि हल्की चमकीली वस्तु थी। जांच में हीरे की पुष्टि नहीं हुई है। जिन लोगों पर तसलीम ने आरोप लगाया है, उन्हें थाने बुलाया गया है। पूछताछ के बाद सबकुछ स्पष्ट हो पाएगा।

Comments
Post a Comment