शादियों में शामिल होंगे सिर्फ 100 लोग
*शादियों में शामिल होंगे सिर्फ 100 लोग
आकाश कर्णवाल चांदपुर:-* बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों के बीच चांदपुर सहित जिले में अब सख्ती बढ़ा दी गई है। शासनादेश के मुताबिक, अब शादी समारोह में सिर्फ 100 लोगों के शामिल होने की ही अनुमति होगी। नए शासनादेश ने शादी समारोह से जुड़े कारोबारियों में उथल-पुथल मचा दी है। वहीं जिनके घरों में शादी है, उन्हें भी नए सिरे से सोचने को मजबूर कर दिया है। उन्हें समझ नहीं आ रहा है कि वह अब शादी में किस रिश्तेदार और परिचित को आमंत्रित करें और किसे इन्कार करें। वहीं जिला प्रशासन शासन के आदेश का पालन कराने का दावा कर रहा है। कोरोना के कारण लाकडाउन लगने से कई जोड़ों के विवाह टल गए थे। इसका मुख्य कारण शादी में कम लोगों के शामिल होने की सरकारी बाध्यता थी। लाकडाउन खुलने के बाद सहालग लगने का लंबा इंतजार अब आकर खत्म हुआ है। 25 नवंबर के बाद फिर 27 व 30 नवंबर को सहालग हैं। 25 नवंबर को देवोत्थान एकादशी होने के चलते शहर में अधिक शादियां हैं। आगामी दिनों में होने वाली शादियों को लेकर कारोबारी से लेकर आम लोग उत्साहित थे। लेकिन, बढ़ते कोरोना के मामलों के चलते शासन द्वारा शादी समारोह में सिर्फ 100 लोगों के शामिल होने की ही अनुमति के आदेश जारी किए। इससे पहले शादी में 200 लोगों के शामिल होने की अनुमति थी। नए शासनादेश से शहरवासियों में अफरा-तफरी मच गई है। लोग शासनादेश के मुताबिक शादी की प्लानिग करने में जुट गए हैं। उन्हें समझ नहीं आ रहा है किसे बुलाएं और किसे घर पर ही रहने दें। *बोले डीएम* जिला अधिकारी रमाकांत पाण्डेय जी ने बताया कि शासन के निर्देश आने के बाद सख्ती से पालन कराया जाएगा। कोविड 19 के नियमों का हर हाल में पालन कराया जाएगा।

Comments
Post a Comment